योगी के मंत्री बोले ‘ये सिर्फ मंदिर मस्जिद और हिन्दू मुसलमान की बात करते हैं’
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री और सुहेलदेव समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने आज बीजेपी को आड़े हाथो लिया। उन्होंने कहा कि ये सिर्फ मंदिर मस्जिद और हिन्दू मुसलमान की बातें करते हैं।
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि मैं सत्ता का स्वाद चखने नहीं आया हूँ बल्कि गरीबो के लिए लड़ाई लड़ने आया हूँ। उन्होंने सवाल किया कि मैं ये लड़ाई लड़ूं या भाजपा की गुलामी करूँ ?
राजभर यहीं नहीं रुके उन्होंने योगी सरकार की पोल खोलते हुए कहा कि आज तक इन्होने एक कार्यालय तक मुझे नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मैने तो मन बनाया कि आज इस मंच से इस्तीफा देने की घोषणा करूँगा कि मुझे अब सरकार के साथ नहीं रहना।
उन्होंने कहा कि मेरा मन टूट गया है। ये (बीजेपी) हिस्सा देना नहीं चाहते। जब भी गरीब के सवाल पर हिस्सा देने की बात करता हूँ तो ये कभी मंदिर मस्जिद की बातें करते तो कभी हिन्दू मुसलमान की बातें करते हैं।
गौरतलब है कि आज सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) का 16वां स्थापना दिवस राजधानी लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में मनाया गया। इससे पहले शुक्रवार को राजभर ने पूरे दिन महारैली के लिए तय स्थल रमाबाई मैदान में व्यतीत किया था। साथ ही अपनी पार्टी के झंडे और बैनर खुद भी बांधे थे।
इस दौरान राजभर ने कहा कि रमाबाई अंबेडकर मैदान से 2019 और 2022 के चुनाव के लिए वह बड़ा फैसला लेंगे। उन्होंने कहा कि फैसले कार्यकर्ताओं की सहमति से लिए जाएंगे। 2019 में कहां रहना है, यह कार्यकर्ता ही तय करेंगे।