यूपी में कांग्रेस सीएम उम्‍मीदवार पर शीला ने कहा ‘मैं यूपी की बहू हूं, यही काफी है’

sheila-dikshit

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में नई पारी पर दिल्ली में डेढ़ दशक तक राज करने वाली पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने बड़ी बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मैं यूपी के बहू हूं और ससुराल जा सकती हूं। यही काफी है। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली में पली-बढ़ी और यूपी की बहू बनी। उन्होंने यह जवाब पंजाब में जन्म लेने पर दिया।

पत्रकारों के सवाल के जवाब में शीला दीक्षित ने कहा कि अगर प्रियंका गांधी यूपी की राजनीति में आती हैं तो उनका स्वागत है। वह सबसे योग्य शख्सियत हैंं।यूपी विधानसभा चुनाव में खुद को संभावित मुख्यमंत्री पेश किए जाने के कयास पर उन्होंने कहा कि जब भी निर्णय होगा बता दिया जाएगा। अभी चर्चा चल रही है।

राजनीति में उम्र को लेकर पूछे गए सवाल पर शीला दीक्षित ने कहा कि राजनीति करने की कोई उम्र नहीं होती। इंसान चाहे 20 साल का हो या फिर 80 साल का, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उत्तर प्रदेश चुनाव में खुद की भूमिका पर उन्होंने कहा कि पार्टी जो भी आदेश देगी, मैं उनका पालन करूंगी। यहां पर बता दें कि उन्हें यूपी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का दावेदार बताया जा रहा है।

दिल्ली में 15 साल तक राज करने वाली पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने वर्तमान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को एक बार फिर नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को उपराज्यपाल नजीब जंग के साथ मिलकर काम करना चाहिए। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेंद्र कुमार की गिरफ्तारी पर शीला दीक्षित ने कहा कि CBI को कुछ तो सुबूत मिले होंगे, जिना बिनाह पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने इस गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित होने से भी इन्कार किया।

400 करोड़ रुपये के वाटर टैंकर घोटाले पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि टैंकर घोटाले में एंटी करप्शन ब्रांच द्वारा उन पर एफआइआर पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है।

TeamDigital