यूपी में कांग्रेस को बड़ी सफलता: बसपा के 3 और सपा का 1 पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में कांग्रेस को एक और बड़ी सफलता हासिल हुई है। समाजवादी पार्टी के एक और बहुजन समाज पार्टी के 03 पूर्व विधायकों ने आज कांग्रेस में शामिल होने का एलान करते हुए पार्टी की सदस्य्ता ग्रहण की।
बसपा के पूर्व विधायकों में डॉक्टर धर्मपाल सिंह, सूरज पाल सिंह और भगवान सिंह कुशवाहा शामिल हैं। वहीँ प्रतापगढ़ के सपा के जिलाध्यक्ष और पट्टी विधानसभा से पूर्व विधायक राम सिंह भी आज कांग्रेस में शामिल हो गए।
बसपा के तीन पूर्व विधायकों द्वारा कांग्रेस ज्वाइन करने को पार्टी के लिए बड़ी सफलता बताया जा रहा है। इनमे भगवान सिंह कुशवाहा खैरागढ़ सीट से बसपा से दो बार विधायक चुने गए हैं। वहीँ डॉ़क्टर धर्मपाल सिंह एत्मादपुर से बसपा विधायक रहे है। 2012 के विधानसभा चुनाव में धर्मपाल सिंह ने सपा प्रत्याशी प्रेम सिंह बघेल के खिलाफ जीत दर्ज की थी। वहीं सूरजपाल सिंह फतेहपुर सीकरी से विधायक रहे हैं।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर फतेहपुर सीकरी से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। पहले उन्हें मुरादाबाद सीट से उम्मीदवार बनाया गया था लेकिन कल उनकी सीट बदलकर उन्हें फतेहपुर सीकरी से उम्मीदवार बनाया गया है।
बता दें कि इससे पहले कल बुंदेलखंड में सपा के दिग्गज कुर्मी नेता और मिर्ज़ापुर से पूर्व सांसद बालकुमार पटेल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। बालकुमार पटेल वर्ष 2009 में समाजवादी पार्टी उम्मीदवार के तौर पर मिर्ज़ापुर सीट से चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे।