यूपी: पीलीभीत में 100 सरकारी स्कूलों का रंग हुआ ‘भगवा’, शिक्षकों ने जताया विरोध

पीलीभीत। उत्तर प्रदेश में सरकारी इमारतों और रोडवेज बसों की भगवा पुताई के बाद अब स्कूलों का नंबर आ गया है। पीलीभीत के करीब 100 सरकारी स्कूलों की भगवा रंग से पुताई की गयी है। वहीँ शिक्षकों ने सरकार की इस हरकत पर कड़ा विरोध जताया है।
शिक्षकों का कहना है कि विरोध करने के बाद भी स्कूल का रंग भगवा किया गया। एक शिक्षक ने कहा कि स्कूल की इमारतों पर भगवा पोतने से न तो स्कूल अच्छे हो जायेंगे और न ही बच्चे होनहार बन जाएंगे। अगर सरकार सच में शिक्षा को लेकर गंभीर है तो स्कूलों में सुविधाएँ मुहैया कराये, शिक्षकों की तैनाती करे।
मामला तब प्रकाश में आया जब जिले की डीएम (जिलाधिकारी) शीतल वर्मा स्कूलों का निरीक्षण करने निकली थीं, वो इन स्कूलों में भगवा रंग देखकर हैरान रह गईं। स्कूल के शिक्षकों का कहना है कि उन्होंने इसका विरोध किया था।
उन्होंने बताया कि विरोध के बावजूद गांव के मुखिया के कहने से स्कूलों को केसरिया रंगों में रंग दिया गया। स्कूलों का रंग बदलकर अचानक भगवा हो जाना जिले भर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
डीएम ने निर्देश दिया कि स्कूलों की दोबारा से सर्व शिक्षा अभियान से स्वीकृत रंग से पुताई कराई जाए। इसके अलावा उन्होंने आदेश दिया कि अब किसी भी स्कूल का रंग नहीं बदला जाएगा।
बता दें कि इससे पहले योगी सरकार ने प्रदेश्ा के परिवहन निगम की बसों और यूपी का एनेक्सी हाउस यानी लाल बहादुर शास्त्री भवन का भ्ाी रंग बदल कर भगवा रंग कर दिया। इसके बाद प्रदेश की कई सब्जी मंडी का भी रंग बदलकर उसे भगवा रंग में रंग दिया गया है।