यूपी के बदले इन राज्यों में कांग्रेस दे सकती है सपा-बसपा को सीटें

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन में शामिल होने के लिए कांग्रेस अब गंभीरता से सपा बसपा से बातचीत कर रही है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश में बने गठबंधन में शामिल होने के लिए कांग्रेस महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सपा बसपा को कुछ सीटें दे सकती हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक सपा बसपा और कांग्रेस के बीच बने फॉर्मूले के तहत सपा और बसपा को कांग्रेस दूसरे राज्यों में जितनी सीटें देगी, इतनी सीटें उत्तर प्रदेश में यह दोनों दल कांग्रेस के लिए छोड़ सकते हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यदि कांग्रेस शासित राज्यों में सपा बसपा को सीटें देने पर कांग्रेस सहमत हो जाती है तो उत्तर प्रदेश गठबंधन में उसे 15 सीटें तक मिल सकती हैं। वहीँ रिपोर्ट में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम के हवाले से कहा गया है कि महाराष्ट्र में सपा बसपा के लिए कांग्रेस दो सीटें और एनसीपी एक सीट छोड़ने के लिए तैयार हो गयी है।
माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने की दशा में कम से कम 30 सीटों पर मुकाबला त्रिकोणीय हो रहा है। जिसका बड़ा लाभ बीजेपी को मिलने की आशंका है।
रिपोर्ट के मुताबिक यदि कांग्रेस, बसपा, सपा अपनी ज़िद्द पर अड़े रहे तो बीजेपी कम से कम 50 सीटें तक जीत सकती हैं लेकिन यदि किसी तरह कांग्रेस, सपा, बसपा मिलकर चुनाव लड़ते हैं तो बीजेपी को 10 सीटों तक रोका जा सकता है।
इससे पहले गठबंधन के कयासों के बीच उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने 11 सीटों और समाजवादी पार्टी ने 10 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। इनमे बदायूं सीट पर कांग्रेस और सपा दोनों ने अपने अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है।