मोदी सरकार के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाएगी कांग्रेस

नई दिल्ली। देश में आयी आर्थिक मंदी को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवर अपनाने के संकेत दे दिए हैं। आज दिल्ली में कांग्रेस महासचिवों- प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों, विधायक दल के नेता, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ आयोजित बैठक के बाद कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने ऐसे संकेत दिए हैं।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि देश में आयी आर्थिक मंदी पर मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस दस दिनों तक सड़क पर उतर कर प्रदेशन करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर 15 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर राज्यों के स्तर पर पदयात्रा निकाला जाएगी, सदस्यता अभियान शुरू होगा और कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा।
कांग्रेस की आज हुई बैठक को कई मायनो में अहम माना जा रहा है। इस बैठक में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस नेताओं को साफतौर पर पार्टी को सर्वोपरि रखकर एकजुट होकर काम करने की नसीहत दी। उन्होंने तीन राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावो को लेकर कहा कि ये चुनौतीपूर्ण हैं और यदि हम पार्टी को सर्वोपरि रखकर काम करते हैं तो पार्टी को खोई हुई ज़मींन वापस दिला सकते हैं।
आज हुई बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटनी, अहमद पटेल, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत , पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा पार्टी के कई महासचिव-प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता मौजूद थे।