मुहर्रम के दिन नहीं होगा दुर्गा मूर्ति विसर्जन, राज्य में शांति व्यवस्था पर ममता का बड़ा फैसला

मुहर्रम के दिन नहीं होगा दुर्गा मूर्ति विसर्जन, राज्य में शांति व्यवस्था पर ममता का बड़ा फैसला

कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने ऐलान किया है कि इस साल मोहर्रम के जुलूसों के दौरान दुर्गा की मूर्ति के विसर्जन पर रोक रहेगी। उन्होंने कहा कि “विजय दशमी के दिन शाम 6 बजे तक ही मूर्ति विसर्जन किए जाएंगे क्योंकि उसके बाद मोहर्रम के जुलूस निकलेंगे।”

बुधवार शाम कोलकाता में दुर्गा पूजा आयोजकों के साथ हुई बैठक के दौरान सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “विजय दशमी के दिन शाम 6 बजे तक ही मूर्ति विसर्जन किए जाएंगे क्योंकि उसके बाद मोहर्रम के जुलूस निकलेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि यदि ये दोनों चीजें एक साथ होंगी, तो समस्या खड़ी हो सकती है। ममता ने कहा, “मैं इस मामले में आप सभी का सहयोग चाहती हूं। कुछ लोग इस मौके का फायदा उठाना चाहेंगे और अपने फायदे के लिए हिन्दू और मुसलमानों को एक उपकरण की तरह इस्तेमाल करेंगे।”

इसे लेकर ममता ने अपने ट्वीट में दोहराया कि “मुहर्रम के दिन 24 घंटे की अवधि को छोड़कर, विसर्जन 2 , 3 और 4 अक्टूबर को हो सकता है।”

बता दें कि पिछले दिनों पश्चिम बंगाल के 24 परगना उत्तर में हुए सांप्रदायिक दंगो के मद्देनज़र पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा ले गए निर्णय को बेहद अहम माना जा रहा है। वहीँ सूत्रों के अनुसार ममता ने ये फैसला राज्य की सुरक्षा एजेंसियों से मिली जानकारी के बाद एहतियातन लिया है। जिससे दुर्गा पूजा और मुहर्रम के पर्व पर समाज विरोधी तत्व अपने षड्यंत्र में सफल न हो सकें।

 

TeamDigital