मुसलमानो को राम का वंशज बताने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ केस दर्ज

मुजफ्फरपुर। देश के मुसलमानो को भगवान राम का वंशज बताने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बिहार के मुजफ्फरपुर में गिरिराज सिंह के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का मामला दर्ज किया गया है।
तमन्ना हाशमी ने मुजफ्फरपुर की अदालत में दायर अपनी याचिका में कहा है कि गिरिराज सिंह के बयान से उनकी धर्मिक भावना आहत हुई है। कोर्ट के निर्देश पर गिरिराज सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 153, 295 और 504 में मामला दर्ज किया गया है।
परिवादी तमन्ना हाशमी ने अपनी याचिका में कहा कि हम ही नहीं सभी मुसलमान मोहम्मद साहब के वंशज हैं। केंद्रीय मंत्री ने हमें राम का वंशज कहकर धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाया है जिससे आहत होकर हमने परिवाद दायर किया है। स्थानीय कोर्ट ने पीटिशन को स्वीकार करते हुए सुनवाई की तारीख 3 नवंबर तय की है।
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एक बयान में कहा था कि देश के सभी मुसलमान भगवान् राम के वंशज हैं। उन्होंने धमकी भरे लहजे में मुसलमानो से राम मंदिर निर्माण में सहयोग करने के लिए कहा था।