मुलायम ने शिवपाल को दिया झटका, कहा ‘मैं समाजवादी पार्टी के साथ’
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने साफ़ शब्दों में कहा है कि वे समाजवादी पार्टी के साथ हैं। शिवपाल यादव के सेकुलर मोर्चा की टिकट पर चुनाव लड़ने के कयासों के बीच मुलायम सिंह ने यह साफ कर दिया कि वह समाजवादी पार्टी और अपने बेटे अखिलेश के ही साथ हैं।
इससे पहले आज समाजवादी पार्टी की ‘सामाजिक न्याय व लोकतंत्र बचाओ’ का रविवार को दिल्ली के जंतर मंतर आकर समापन हुआ। समाजवादी पार्टी के ‘सामाजिक न्याय व लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत सपा कार्यकर्ताओ की एक साईकिल यात्रा 7 अगस्त को गाजीपुर से शुरू होकर आज दिल्ली में सपन्न हुई ।
इस अवसर पर सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए 2019 के चुनावो की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुलायम सिंह ने कहा कि आज के दौरे में दिल्ली से लेकर लखनऊ तक सत्ताधारी नेता पैसा कमाने और जमीन की लूट में लगे हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि अब समाजवादी पार्टी कभी बूढ़ी नहीं होगा क्योंकि आप लोग इतनी बड़ी तादाद में यहां जमा हुए हैं।
मुलायम सिंह ने कहा कि पार्टी में महिलाओं को आगे लाने की जरूरत है ताकि घर-घर तक जनाधार बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि आज देश का किसान, मजदूर, गरीब परेशान है।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि बीजेपी ने 15 लाख देने का झांसा देकर जनता के वोट ले लिया लेकिन पैसा आज तक नहीं दिया, कम से कम 3-3 लाख मुआवजा राशि ही दे देते। उन्होंने कहा कि युवा कार्यकर्ता सपा को मजबूत करें ताकि 2019 में दिल्ली में हमारे बगैर सरकार नहीं बन पाए और ऐसा पहले 2 बार हो भी चुका है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी ने हमेशा से देश को रास्ता दिखाया है और 2019 में भी पार्टी यही काम करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने जो वादे किए थे उनका क्या हुआ? यूपी से जो (नरेंद्र मोदी) चुनाव लड़े थे उन्होंने कालाधन और नोटबंदी से भ्रष्टाचार खत्म करने की बात कही थी, लेकिन जमीन पर कुछ हुआ नहीं।
अखिलेश यादव ने नोटबंदी का ज़िक्र करते हुए कहा कि नोटबंदी और जीएसटी से नौकरियां खत्म हो गईं. किसानों की आत्महत्या रुकी नहीं, किसान खेती छोड़ मजदूरी करने पर मजबूर हैं लेकिन जब सवाल पूछो तो कहते हैं कि नाली के पाइस से गैस जलाकर कर पकौड़े बना लो।
अखिलेश ने कहा कि हमेशा समाजवादियों पर भेदवाभ के झूठे आरोप लगते रहते हैं लेकिन आज यूपी के थानों में जाति पूछकर कार्रवाई की जाती है। यही नहीं संस्थाओं में खास जाति के लोग भरे जा रहे हैं और इलाज तक जाति पूछकर किया जा रहा है।
अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री कहते हैं कि किसान गन्ना कम उगाएं क्योंकि इससे शुगर की बीमारी होती है, वो कहते हैं कि हनुमान चालीस पढ़कर बंदर भगाएं, लेकिन अब सपा के युवा ने साइकिल उठा ली है, कौन भागेगा ये जल्दी पता चल जाएगा।
