मुन्ना बजरंगी की पत्नी ने केंद्रीय मंत्री पर लगाए गंभीर आरोप

नई दिल्ली। कल बागपत जेल में माफिया मुन्ना बजरंगी की गोली मार कर हत्या किये जाने के बाद मुन्ना बजरंगी की पत्नी सीमा सिंह ने केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा, विधायक अलका राय और धनञ्जय सिंह पर हत्या की साजिश रचने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
सीमा सिंह ने कहा कि वह पहले से कहती आ रही हैं कि उनके पति की हत्या की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनैतिक दुर्भावना से उनके पति की हत्या की साजिश रची गयी।
बागपत जिला अस्पताल पहुंची सीमा सिंह ने कहा कि पूर्व सांसद धनंजय सिंह के साथ ही केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा और पूर्व विधायक कृष्णानंद राय की पत्नी और बीजेपी विधायक अलका राय ने कई लोगों के साथ मिलकर उसके पति की हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद वह मुन्ना बजरंगी का शव लखनऊ ले जाएगी और मुख्यमंत्री कार्यालय पर धरना देगी।
सीमा ने कहा कि इससे पहले भी उसके पति पर कई बार हमले हो चुके हैं. इसकी शिकायत हमने सभी जगह की थी लेकिन किसी ने भी हमारी बात को गंभीरता से नहीं लिया। आज वही हुआ, जिसका अंदेशा पहले से था।
बता दें कि इससे पहले भी मुन्ना की पत्नी ने एसटीएफ पर मुठभेड़ का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा की गुहार लगाई थी। उन्होंने कहा था कि उनके पति की हत्या की साजिश रची जा रही है।
मुन्ना बजरंगी की पत्नी सीमा सिंह पोस्टर्मार्टम के बाद अपने पति के शव को लेकर जौनपुर जिले में मुन्ना बजरंगी के पैतृक गांव लेकर पहुंची है। यहीं उनका अंतिम संस्कार किया जायेगा।