मुंबई में आफत की बारिश, जनजीवन अस्त व्यस्त, स्कूल-कॉलेज बंद

मुंबई। मुंबई महानगर और आसपास के इलाको में कल देर रात से शुरू हुई भीषण बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गया है। इस बारिश से मुंबई महानगर पालिका की व्यवस्था और इंतजामों की पोल खुल गयी है। बारिश और जल भराव के कारण सड़क, रेल और वायु सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और नागरिकों को जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। इस बीच मौसम विभाग ने आशंका जताया है कि मुंबई सहित महाराष्ट्र के पश्चिमी पट पर अगले 24 से 48 घंटों में भारी बारिश होने की संभावना है और हवाई अड्डों सहित विभिन्न सरकारी प्रतिष्ठानों को चेतावनी दे दी गई है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस अवधि के दौरान क्षेत्र में 250 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। आईएमडी पुणे में जलवायु निगरानी और विश्लेषण के प्रमुख ए के श्रीवास्तव ने बताया, ‘‘मुंबई, दक्षिण गुजरात, कोंकण, गोवा और पश्चिम विदर्भ में अगले 24 से 48 घंटों के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। यह एक गंभीर स्थिति है। हमने हवाई अड्डे सहित संबंधित विभागों को जरूरी चेतावनी जारी की है।’’
#Visuals Severe water-logging at Dadar Circle #MumbaiRains pic.twitter.com/L4BjfZSTJj
— ANI (@ANI) August 29, 2017
महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री ने कहा है कि बुधवार को मुंबई में सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस यहां राज्य आपदा प्रबंधन कक्ष (एसडीएमसी) में भारी बारिश को लेकर स्थिति की समीक्षा की।
फडणवीस ने कहा, ‘‘मुंबई में भारी बारिश के कारण पैदा हुई स्थिति की जानकारी के लिए मैंने आपदा प्रबंधन इकाई के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैंने बीएमसी अधिकारियों से बातचीत की है। नगर निकाय को पेड़ों के गिरने के बारे में कई शिकायतें मिली हैं और कुछ शिकायतें जलजमाव की हैं।’’