मुंगावली और कोलारस दोनों सीटों पर कांग्रेस का कब्ज़ा, बीजेपी खाली हाथ

भोपाल। मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटो पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने दोनो सीटें जीत ली हैं। वहीँ राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को खाली हाथ संतोष करना पड़ा है।
दोनो ही सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस में कांटे की टक्कर के बावजूद मुंगावली से कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह यादव ने भाजपा के बाई साहब यादव को 2000 वोटों से हराया वहीं कोलारस सीट से कांग्रेस के महेंद्र सिंह यादव ने बीजेपी के देवेंद्र जैन को 8000 वोटों से हरा दिया है।
इससे पहले 24 फरवरी को दोनों विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए वोटिंग हुई थी। मुंगवाली में 77.05 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था तो कोलारस में 70.4 फीसदी वोटिंग हुई थी। कोलारस उपचुनाव में 22 और मुंगावली में 13 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।
गौरतलब है कि कोलारस और मुंगावली दोनों सीटें पिछले चुनाव में कांग्रेस ने जीती थीं। इन दोनो सीटों कांग्रेस विधायकों के निधन के चलते उपचुनाव कराए गए थे।
मध्य प्रदेश में इस वर्ष के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में आज आये विधानसभा उपचुनाव के परिणाम ने सीएम शिवराज सिंह के लिए बेचैनी अवश्य पैदा कर दी है।