मानव तस्करी: दलेर मेहंदी दोषी करार, कोर्ट ने सुनाई 2 साल की सजा

पटियाला। वर्ष 2003 के मानव तस्करी केस में आरोपी गायक दिलेर मेंहदी को पंजाब के पटियाला की एक अदालत ने दोषी करार देते हुए दो साल की सजा सुनाई है।
दलेर मेहंदी पर अवैध तरीके से लोगों को विदेश ले जाने का आरोप था। कोर्ट ने आरोपों को सही पाया है और उन्हें 2 साल जेल की सजा सुनाई है। मानव तस्करी के इस केस में लगभग 15 साल बाद इस मामले में फैसला आया है। हालांकि अदालत ने उन्हें तुरंत बेल दे दी।
दलेर मेहंदी बॉलीवुड के जाने माने गायक हैं। एक समय में उनके गानों ने लोकप्रियता के कई रिकॉर्ड तोड़ दिये थे। दलेर मेहंदी के गाने पंजाबी यूथ के बीच बेहद लोकप्रिय हुए थे। उन्होंने कई फिल्मों में भी गाने गाये। दलेर मेहंदी ने कुछ ही घंटे पहले एक ट्वीट किया था और लिखा था कि खुद को खुश रखने के लिए टाइम निकालिए।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दलेर मेहंदी लोगों को अपना क्रू मेंबर बताकर विदेश ले जाते थे। इसके लिए इन लोगों से पैसे लिये जाते थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक 1998- 99 के दौरान दलेर मेहंदी और इनके भाई शमशेर सिंह ने 10 लोगों को अवैध तरीके से विदेश भिजवाया था।
2003 में बख्शीश सिंह नाम के शख्स ने दलेर मेहंदी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पंजाब पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज की। हालांकि इस मामले की सुनवाई बेहद धीमी रही। पीड़ित पक्ष ने कई बार आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही है।