महाराष्ट्र: कांग्रेस एनसीपी में 48 में से 38 सीटों पर सहमति बनी

मुंबई। 2019 के आम चुनावो के लिए कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के बीच गठबंधन को लेकर सहमति बन गयी है। राज्य की 48 सीटों में से 38 सीटों पर अब तक दोनों पार्टियां सहमत हो गयी हैं। शेष रही दस सीटों पर दूसरे दौर की बातचीत के बाद निर्णय लिया जाएगा।
महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख अशोक चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस और राकांपा एक साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगी। सीटों पर बंटवारे पर बातचीत चल रही है, लेकिन अभी वह संख्या उजागर नहीं करेंगे।
इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने औरंगाबाद में कहा था कि 40 लोकसभा सीटों पर आम सहमति बन चुकी है। लेकिन एनसीपी सूत्रों की माने तो अभी 38 सीटों पर बातचीत तय हो गयी है। लेकिन पेंच औरंगाबाद, पुणे, यवतमाल लोकसभा सीट को लेकर फंसा हुआ है। हालाँकि दोनों पार्टियों के नेता आश्वस्त दिखे और जल्द ही सीटों की संख्याओं के एलान की बात कही।
राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन को लेकर एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार पहले ही कह चुके हैं कि राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन बनने की उम्मीद कम ही है। इसलिए अलग अलग राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियों से गठबंधन करना अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।