महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव का एलान, पढ़िए- कब होगा मतदान
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए तारीख का एलान कर दिया है। दोनों राज्यों में 21 अक्टूबर को मतदान होगा तथा 24 अक्टूबर को चुनावी नतीजे घोषित किये जायेंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र और हरियाणा के चुनावी कार्यक्रम का एलान किया। चुनाव के एलान के बाद दोनों राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है।
ये है पूरा कार्यक्रम:
27 सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी
04 अक्तूबर नामांकन की अंतिम तिथि होगी
07 अक्तूबर तक नामांकन वापस लेने की तारीख
21 अक्तूबर को मतदान होगा
24 अक्तूबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में 288 विधानसभाओं और हरियाणा में 90 विधानसभाओं के लिए चुनाव होगा। दोनों ही राज्यों में बीजेपी सत्ता में हैं। महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस सरकार का कार्यकाल 9 नवंबर को पूरा होना है। वहीँ हरियाणा में मनोहर लाल खटटर सरकार का कार्यकाल 2 नवंबर को पूरा होगा।
चुनाव आयोग के मुताबिक महाराष्ट्र में8.9 करोड़ मतदाताओं के मत का उपयोग करने के लिए चुनाव में 1.8 लाख ईवीएम मशीनें लगेंगी। वहीँ हरियाणा में 1.28 करोड़ मतदाता हैं।
चुनाव आयुक्त ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तरह इस बार भी ईवीएम और वीवीपैट की पर्ची का मिलान होगा। चुनावी खर्च का हिसाब उम्मीदवारों को एक महीने के अंदर देना होगा।
आयोग ने राजनीतिक दलों से यह भी अपील की है कि वे पर्यावरण के लिए अनुकूल सामग्री का ही प्रचार में इस्तेमाल करें और प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचें। चुनाव में हिस्सा ले रहे उम्मीदवारों को अपने हथियार जमा कराने होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी न देने पर कैंडिडेट्स का पर्चा रद्द होगा। आयोग ने कैंडिडेट्स के लिए खर्च की सीमा 28 लाख रुपये निर्धारित की है। महाराष्ट्र के लिए चुनाव आयोग ने दो विशेष पर्यवेक्षकों को भेजने का फैसला किया है, जो सिर्फ चुनावी खर्च पर नजर रखेंगे। पहले भी महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक में ऐसे पर्यवेक्षकों को चुनाव के दौरान भेजा जा चुका है।
