ममता बोलीं ‘मैं पीएम की दौड़ में नहीं, विपक्ष मिलकर चुनेगा नेता’
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने साफ़ किया है कि वे प्रधानमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि 2019 में विपक्षी दल मिलकर नेता का चुनाव करेंगे।
संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ‘मैं किसी पद की होड़ में नहीं हूं, मेरी दिलचस्पी इस बात को देखने में है कि सभी पार्टियां मिलकर काम करें। सभी राजनैतिक दल एकसाथ बैठेंगे और फैसला करेंगे।’
ममता बनर्जी ने सभी विपक्षी दलों से ईवीएम से छेड़छाड़ के खिलाफ और मतपत्रों से चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग के पास संयुक्त प्रतिनिधिमंडल भेजने की अपील की। बनर्जी ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं से कहा, ‘सभी विपक्षी पार्टियों को इस मामले पर चुनाव आयोग के पास जाना चाहिए।’
बुधवार को ममता बनर्जी ने यूपीए चेयर पर्सन सोनिया गांधी तथा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और अहमद पटेल से भी बातचीत की।
इससे पहले मीडिया में खबर आयी थी कि ममता बनर्जी 2019 में विपक्ष का चेहरा हो सकती हैं। मीडिया में आयी खबरों में उन्हें प्रधानमंत्री पद का प्रबल दावेदार करार दिया गया था।
ममता बनर्जी कोलकाता में 19 जनवरी को मोदी सरकार के खिलाफ विपक्ष महारैली का आयोजन कर रही हैं। ममता ने अपने दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों को इस रैली में शामिल होने का न्यौता भी दिया। सबसे आश्चर्य की बात यह देखने को मिली कि ममता बनर्जी ने शिवसेना सांसद संजय राउर से मुलाकात कर शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को भी इस रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रण दिया है।
