ममता का हमला – हम राम और हनुमान के नाम पर बीजेपी की तरह दिखावा नहीं करते

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर भाजपा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वे बंगाल को टारगेट करेंगे तो तृणमूल आने वाले दिनों में दिल्ली को टारगेट करेगी। हम असम, झारखंड में संगठन तैयार कर रहे हैं और जरुरत पड़ी तो गुजरात, यूपी सभी जगह पार्टी का संगठन बनाएंगे और दिल्ली में अपनी दखल बढ़ाएंगे।

बनर्जी ने कहा कि केंद्रीय एजेंसियों का भय दिखाने से बंगाल नहीं डरने वाला और अगर हमें गाली दी गई तो हम खाली करने का भी माद्दा रखते हैं। ममता गुरुवार को अलीपुरद्वार में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं।

इस दौरान ममता ने भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर भी निशाना साधा। कहा कि दिन में गरीब के घर खाना खाते हैं और रात में पांच सितारा होटल में रहते हैं। ऐसा दोहरा मापदंड क्यों? मुख्यमंत्री ने वाममोर्चा पर भी निशाना साधा। कहा कि वाम व राम के लोग एक हो गए हैं।

ममता ने कहा कि हम राम और हनुमान के नाम पर भाजपा की तरह दिखावा नहीं करते, बल्कि दिल से धर्म मानते हैं। वे दिल्ली से राम लेकर आए जबकि हमारे यहां सभी देवी, देवताओं की पूजा होती है, यहां कई प्रसिद्ध मंदिर हैं और तीर्थ स्थान भी हैं, लेकिन हम कभी दिखावा नहीं करते। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज में मेलजोल नहीं, बल्कि विभेद को बढ़ावा दे रही है। बंगाल के लोग सांप्रदायिक शक्तियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।

ममता ने कहा कि अगर भाजपा को मौका दिया तो वे बंगाल का सम्मान, सांस्कृतिक विरासत सभी नष्ट कर चले जाएंगे। बाहरी लोगों को बंगाल में लाकर यहां माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है।

तीस्ता जल बंटवारा विवाद पर ममता बनर्जी ने कहा कि हम बांग्लादेश से प्यार करते हैं। लेकिन अगर हम तीस्ता का पानी देते हैं तो उत्तर बंगाल को पानी नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह बांग्लादेश के साथ मेरे लगाव का ही नतीजा था कि हमने राज्य से अधिक जमीन देकर तथा बांग्लादेश का कम जमीन लेकर 66 साल से लटके छीटमहल का समझौता किया।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital