मनमोहन से बहुत कुछ सीख सकते है वर्तमान समय के शासक: सोनिया गांधी
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह के जन्मदिन पर बधाई देने के बहाने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार को नसीहत की है। सोनिया गांधी ने कहा कि वर्तमान समय के शासक उनके ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं।
सोनिया गांधी ने अपने बयान में कहा, “हम राष्ट्र निर्माण, समावेशी विकास और अर्थव्यवस्था को गति प्रदान करने में मनमोहन सिंह के शानदार योगदान को याद करते हैं। उनके बेहतरीन नेतृत्व ने यह सुनिश्चित किया कि मुश्किल समय में भी भारत प्रतिबद्धित विकास की तरफ बढ़े। मौजूदा समय के शासक उनके नैसर्गिक ज्ञान से बहुत कुछ सीख सकते हैं।”
पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह के जन्मदिन पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा कई अन्य दिग्गजों ने भी बधाई दी है। प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को उनके जन्मदिन की बधाई दी है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, “उनके जन्मदिन पर आइए हम डॉ मनमोहन सिंह जी की निस्वार्थ सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करें। उनके जन्मदिन पर उन्हें मेरी शुभकामनाएं। मैं आने वाले वर्षों में उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशी के लिए प्रार्थना करता हूं।”
वहीँ पी चिदंबरम ने बधाई देते हुए ट्वीट कर कहा कि सिर्फ मनमोहन सिंह ही इस समय देश को आर्थिक मंदी से बाहर निकालने का रास्ता दिखा सकते हैं इसलिए सरकार को उनकी बातों को सुनना चाहिए।
वहीँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने बधाई सन्देश में कहा कि “हमारे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं। मैं उनके लंबे और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।”
वहीँ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डा मनमोहन सिंह को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी को उनके जन्मदिन पर बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना करता हूं।”
