मध्य प्रदेश में चुनाव से पहले बसपा उम्मीदवार ने थामा कांग्रेस का हाथ
भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी को उस समय बड़ा धक्का लगा जब गुना-शिवपुरी संसदीय सीट से पार्टी के प्रत्याशी लोकेंद्र सिंह राजपूत पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए।
गुना-शिवपुरी संसदीय सीट पर 12 मई को मतदान होना है। ऐसे में एन चुनाव से पहले बसपा प्रत्याशी के पार्टी छोड़कर कांग्रेस में जाने से पार्टी को बड़ा धक्का लगा है।
सोमवार को कांग्रेस के कद्दावर नेता और गुना शिवपुरी संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में लोकेन्द्र सिंह राजपूत ने कांग्रेस में आस्था व्यक्त करते हुए कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
गौरतलब है कि गुना-शिवपुरी संसदीय सीट कांग्रेस और सिंधिया परिवार का पारम्परिक गढ़ रही है। इस सीट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया पांचवीं बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर इस बार बीजेपी ने केपी सिंह को उम्मीदवार बनाया है। केपी सिंह कभी सिंधिया के करीबी माने जाते थे। वे सांसद प्रतिनिधि के तौर पर भी सिंधिया के लिए काम कर चुके हैं।
माना जा रहा था कि बसपा उम्मीदवार लोकेन्द्र सिंह राजपूत गुना-शिवपुरी संसदीय सीट पर क्षत्रिय वोटों में बड़ी सेंधमारी कर सकते हैं लेकिन एन चुनाव से पहले लोकेन्द्र सिंह राजपूत ने बसपा को झटका देते हुए कांग्रेस का दामन थाम लिया है।
