मध्य प्रदेश में अखिलेश को झटका, सपा उम्मीदवार ने लौटाया टिकिट

भोपाल ब्यूरो। मध्य प्रदेश में अकेले दम चुनाव लड़ने की तैयारियों में जुटी समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। सीएम शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र बुदनी से सपा के उम्मीदवार अर्जुन आर्य ने सपा का टिकिट वापस लौटा दिया है।
अर्जुन आर्य का नाम समाजवादी पार्टी की पहली सूची में शामिल था। इस सूची में पार्टी ने 6 उम्मीदवारों के नामो की घोषणा की थी। समाजवादी पार्टी ने प्रदेश में गठबंधन की सभी उम्मीदों के ख़त्म होने के अंदेशे के बाद 6 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।
बताया जा रहा है कि सपा का टिकिट वापस कर अर्जुन आर्य कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। एक न्यूज़ चैनल से बातचीत में अर्जुन आर्य ने कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र के किसानो से बातचीत कर सपा का टिकिट वापस करने का फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि किसान चाहते हैं कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में कांग्रेस को मजबूत किया जाए।
अर्जुन आर्य के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगायी जा रही हैं। हालाँकि अभी तक कांग्रेस ने आधिकारिक रुप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है लेकिन अर्जुन आर्य के बयान को आधार माना जाए तो वे कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।
आर्य के निर्णय से नाराज समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर बीएसपी को भी इसी तरह परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा, “चुनाव के वक्त इसमें कुछ भी असमान्य नहीं है, लेकिन मैं कहूंगा कि यह कांग्रेस नेता के आदेश पर हुआ है।”
अखिलेश यादव ने आगे कहा, “तब क्या होगा जब मैं कहूंगा कि जिनको कांग्रेस ने टिकट नहीं दिया उन्हें समाजवादी पार्टी में शामिल हो जाना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि जब भी कांग्रेस नाकाम होती है तो वह समाजवादी पार्टी को भरोसेमंद साथी के तौर पर देखती है।