मध्य प्रदेश पर बनी सहमति, सिंधिया – कमलनाथ भोपाल रवाना

मध्य प्रदेश पर बनी सहमति, सिंधिया – कमलनाथ भोपाल रवाना

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश में कांग्रेस का मुख्यमंत्री कौन होगा ? इस पर कल से चली मंत्रणा आज समाप्त हो गयी है और प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को भोपाल के लिए रवाना हो चुके हैं।

माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री के तौर पर कमलनाथ के नाम पर आलाकमान ने मुहर लगा दी है तथा ज्योतिरादित्य सिंधिया को मना लिया गया है। वहीँ सूत्रों से मिली खबरों के मुताबिक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को एक बार फिर बड़ी ज़िम्मेदारी दिए जाने की तैयारियां चल रही हैं।

सूत्रों ने कहा कि कमलनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद उनके स्थान पर मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास से निकलते समय ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री पद को लेकर मीडिया से कहा कि ये कुर्सी या दौड़ का मामला नहीं है। हम जनता की सेवा करने के लिए आये हैं। उन्होंने कहा कि मैं भोपाल के लिए निकल रहा हूँ और मुख्यमंत्री के बारे में निर्णय आपको थोड़ी देर में पता चल जाएगा।

वहीँ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मीडिया को बताया कि वे भोपाल के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधायकों की बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जायेगी।

वहीं राजस्थान का मामला अभी उलझा हुआ है और दोनों नेता अशोक गहलोत और सचिन पायलट दिल्ली में ही डटे हुए हैं। एएनआई न्यूज़ से बात करते हुए पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री के बारे में जल्द निर्णय ले लिया जायजा। इसमें चिंता करने जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि थोड़ी प्रतीक्षा कीजिये। चूँकि तीन राज्यों के लिए मुख्यमंत्री तय किये जाने हैं इसलिए इसमें कुछ समय लगना सामान्य प्रक्रिया है।

इससे पहले आज कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने आवास पर सचिन पायलट और अशोक गहलोत से अलग अलग बात की। इसके बाद यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी भी राहुल गांधी के आवास पर पहुंची। सूत्रों की माने तो सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बीच गहन मंत्रणा हुई। इसके बाद कमलनाथ और ज्योतिरादित्य सिंधिया से एक साथ बातचीत की गयी और उन्हें भोपाल पहुँचने के लिए कहा गया।

फ़िलहाल देखना है कि पार्टी हाईकमान मध्य प्रदेश और राजस्थान में ,मुख्यमंत्री के तौर पर किसका नाम तय करता है। पार्टी सूत्रों कोई माने तो देर रात तक तस्वीर पूरी तरह साफ़ होने की उम्मीद है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital