मध्य प्रदेश: कांग्रेस सत्ता में आयी तो पुलिसकर्मियों को मिलेगा साप्ताहिक अवकाश

मध्य प्रदेश: कांग्रेस सत्ता में आयी तो पुलिसकर्मियों को मिलेगा साप्ताहिक अवकाश

भोपाल ब्यूरो। कांग्रेस ने एलान किया है कि यदि वह मध्य प्रदेश की सत्ता में आती है तो राज्य के पुलिसकर्मियों को भी अन्य सरकारी कमचारियों की तरह सप्ताह में एक दिन का अवकाश दिया जायेगा तथा उनके ड्यूटी के समय में भी कमी की जायेगी।

ट्विटर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि राज्य में 50 हजार नए पुलिसकर्मियों की भर्ती भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार बनीं तो पुलिसकर्मियों को 5 हजार हाउस अलाउंस दिया जाएगा। कमलनाथ ने ये भी लिखा कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अवधि से एक घंटे की कमी की जाएगी।

मतदान के पहले इसे कमलनाथ का मास्टर स्ट्रोक माना जा रहा है क्योंकि प्रदेशभर में पुलिसकर्मियों की संख्या एक लाख से ज्यादा है। ऐसे में यदि कांग्रेस राज्य के पुलिसकर्मियों को आकर्षित करने में कामयाब रहती है तो उसे चुनाव पुलिसकर्मियों के मतों का फायदा मिल सकता है।

क्या कहा कमलनाथ ने:

मप्र पुलिस के कर्मचारियों के लिये-
-पुलिस कर्मचारियों को सप्ताह में एक दिन का अवकाश
-50000 पुलिसकर्मियों की भर्ती कर पुलिस बल की कमी को दूर करेंगे
-आवास भत्ता 5000₹ प्रतिमाह करेंगे
-प्रतिदिन के ड्यूटी समय को कम करेंगे
पुलिस को काम करने के लिये तनावमुक्त वातावरण देंगे

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में 230 विधानसभा क्षेत्रो के लिए 28 नवंबर को मतदान होगा। इस बार प्रदेश में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर होना तय माना जा रहा है। ऐसे में एक एक वोट के लिए रस्साकशी होना तय है।

दोनों ही पार्टियों ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झौंक दी है। कांग्रेस की तरफ से पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव से जुडी एक एक बात की जानकारी स्वयं रख रहे हैं वहीँ बीजेपी की तरफ से स्वयं शिवराज सिंह जी जान से मैदान में डटे हैं।

TeamDigital