भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर से मिलने निकले प्रियंका और सिंधिया  

भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर से मिलने निकले प्रियंका और सिंधिया  

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर से मिलने मेरठ पहुँच रहे हैं।  लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में दलितों को साधने की कवायद के तहत इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है।

भीम आर्मी का मेरठ से सहारनपुर तक दलित युवाओं में ख़ासा प्रभाव है। इस लिहाज से माना जा रहा है कि दलित युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने के प्रयासों के तहत प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर से मुलाकात करेंगे।

गौरतलब है कि मंगलवार को भीम आर्मी ने बिना अनुमति रैली का आयोजन किया था। इस दौरान भीम आर्मी की रैली को पुलिस द्वारा देवबंद में रोक लिया गया था और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने हाइवे जाम कर दिया था और पुलिस से नौकझौंक भी हुई।

इस दौरान भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर की तबियत बिगड़ गयी और उन्हें अस्पताल रेफर किया गया था। डॉक्टरों ने ब्लड प्रेशर के चलते सांस लेने में दिक्कत बताई। उपचार के कुछ देर बाद हालत में सुधार हो गया। इधर, चंद्रशेखर के मेरठ आते ही पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया।

गौरतलब है कि भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर ने बीते दिनों घोषणा की थी कि वह सहारनपुर से दिल्ली तक बहुजन समाज अधिकार यात्रा निकालेंगे। आगामी 15 मार्च को कांशीराम के जन्मदिवस पर संसद के सामने सभा करेंगे। सोमवार को यह यात्रा छुटमलपुर से शुरू हुई। रात्रि प्रवास देवबंद के कासिमपुरा गांव में हुआ।

मंगलवार दोपहर साढ़े 12 बजे यह यात्रा मुजफ्फरनगर के लिए रवाना हुई। हाईवे पर पहुंचते ही देवबंद एसडीएम व सीओ ने यात्रा को रोक दिया। चंद्रशेखर को हिरासत में ले लिया था।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital