बड़ी खबर: विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर ने दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। एक दर्जन से अधिक महिलाओं द्वारायौन शोषण के आरोप लगाए जाने के बाद #MeToo में फंसे केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
एम जे अकबर को लेकर महिलाएं एक के बाद एक खुलासे कर रही थीं। जिसके बाद उनके ऊपर इस्तीफा का दबाव बढ़ता जा रहा था। हालांकि एम जे अकबर ने सबसे पहले यौन शोषण का आरोप लगाने वाली पत्रकार पर आपराधिक मानहानि का मुकदमा भी दायर किया था।
एम जे अकबर पर अब तक 16 महिलाएं यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा चुकी हैं। वहीँ ‘भारतीय महिला प्रेस कोर’ ने भी केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिख कहा कि यह बेहद निराशाजनक है कि राज्य विदेश मंत्री के खिलाफ आरोपों की लंबी सूची होने के बावजूद भी सरकार ने आधिकारिक तौर पर कोई जांच शुरू नहीं की है।
बयान में अकबर का नाम लिये बिना कहा गया, हमारा मानना है कि मंत्री के अपने पद पर बने रहने से गलत संदेश बाहर जाएगा कि सरकार इस गंभीर मुद्दे को लेकर उदासीन है।
