बड़ी खबर: अहमदाबाद में बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े मिले प्रवीण तोगड़िया

नई दिल्ली। खबर आ रही है कि विश्व हिन्दू परिषद नेता प्रवीण तोगड़िया अहमदाबाद में बेहोशी की हालत में सड़क किनारे पड़े हुए मिले हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रवीण तोगड़िया को अहमदाबाद के शाही बाग इलाके के चंद्रमणि अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। इसी अस्पताल का दावा है कि प्रवीण तोगडिया सड़क किनारे बेहोश मिले थे।
इससे पहले आज सुबह दस बजे से प्रवीण तोगड़िया लापता थे। उनकी गुमशुदगी के बाद कई जगहों पर वीएचपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। आज सुबह प्रवीण तोगड़िया अपने घर से सुबह करीब साढ़े दस बजे अहमदाबाद में वीएचपी के दफ्तर गए। इसके बाद कहां गायब हो गए इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। उनकी सुरक्षा में लगे गार्ड्स को भी उनके बारे में जानकारी नहीं थी।
विहिप ने आज सुबह से तोगड़िया के लापता होने का दावा करते हुए प्रदर्शन किया और उनका पता लगाए जाने की मांग की थी। विहिप ने दावा किया था कि राजस्थान पुलिस ने एक प्रकरण के सिलसिले में 62 वर्षीय तोगड़िया को हिरासत में लिया है लेकिन पुलिस ने इस बात से इनकार किया था।
प्रवीण तोगड़िया अहमदाबाद से अचानक गायब हो गए थे। पुलिस उन्हें खोजने की कोशिश की जा रही थी लेकिन सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये थी कि प्रवीण तोगड़िया के पास जैड कैटेगरी की सिक्युरिटी है और वो हमेशा सुरक्षा कर्मियों से घिरे रहते हैं इसके बाद भी अचानक उनके गायब हो जाने से तमाम तरह की अफवाहें उड़ रही थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अभी इस मामले में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के लोग अस्पताल पहुंचकर प्रवीण तोगड़िया का बयान लेने वाले हैं। प्रवीण तोगड़िया किस हालत में बेहोश हुए और वे सड़क किनारे किन हालातो में पड़े मिले, इस बारे में विस्तृत व्यौरे की प्रतीक्षा की जा रही है। पुलिस को तोगड़िया के बयान के बाद इस मामले में तस्वीर और साफ़ हो पाएगी।