ब्रेकिंग: स्मृति ईरानी से सूचना प्रसारण मंत्रालय छिना, पीयूष गोयल होंगे वित्त मंत्री

नई दिल्ली। कर्नाटक चुनावो के तुरंत बाद मोदी सरकार में बड़ा फेरबदल किया गया है। केन्द्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी से सूचना प्रसारण मंत्रालय की ज़िम्मेदारी वापस ले ली गयी है। अब वे सिर्फ कपडा मंत्रालय का कामकाज देखेंगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वित्त मंत्री अरुण जेटली के अस्वस्थ होने के कारण अब वित्त मंत्रालय की ज़िम्मेदारी पीयूष गोयल को दी गयी है। अरुण जेटली की एम्स में किडनी प्रत्यारोपण हुआ है। ऐसे उनके कई दिनों तक मंत्रालय के कामकाज से दूर रहने की संभावना है।
वहीँ सूचना प्रसारण मंत्रालय का काम काज अब खेल और युवा मामलो के राज्य मंत्री राजवर्धन राठौर देखेंगे। स्मृति इरानी से सूचना और प्रसारण मंत्रालय छीने जाने के कारणों का पता नही चल सका है।
कयास लगाये जा रहे हैं कि सूचना प्रसारण मंत्री के तौर पर स्मृति ईरानी के काम से पीएम नरेन्द्र मोदी संतुष्ट नही थी। स्मृति से इससे पहले भी एचआरडी मंत्रालय छीना गया था।
बता दें कि इससे पहले मोदी सरकार को केंद्र में चार साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता पार्टी प्रमुख अमित शाह और रामलाल ने की।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री, केंद्रीय पदाधिकारी और पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त कार्यसमिति के पदाधिकारी भी इस बैठक में शामिल हुए। इन पदाधिकारियों से क्षेत्र में किये गए काम का लेखा-जोखा मांगा गया।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सितंबर 2017 में केंद्रीय मंत्रालय में फेरबदल कर नए चेहरों को मंत्रालयों की कमान सौंपी गई थी। इस फेरबदल में निर्मला सीतारमण को रक्षा मंत्रालय दिया गया था, वहीं लंबे समय से इस्तीफे की पेशकश के बाद सुर्खियों में रहे सुरेश प्रभु को वाणिज्य मंत्रालय सौंपा गया था, जबकि रेल मंत्रालय पीयूष गोयल को दिया गया था।