बीजेपी शासित राज्यों में ‘लाभ के पद’ वाले बीजेपी विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग उठी

बीजेपी शासित राज्यों में ‘लाभ के पद’ वाले बीजेपी विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग उठी

नई दिल्ली। दिल्ली में लाभ के पद मामले में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी के 20 विधायकों की सदस्यता जाने के बाद अब बीजेपी शासित राज्यों में लाभ के पदों पर बैठे बीजेपी विधायकों की सदस्य्ता रद्द करने की मांग उठ रही है।

हरियाणा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में लाभ के पद वाले बीजेपी विधायकों के खिलाफ गैर बीजेपी दल लामबंद हो रहे हैं। मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी ने लाभ के पदों वाले 116 बीजेपी विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग करते हुए चुनाव अधिकारी को ज्ञापन दिया है।

भोपाल में आम आदमी पार्टी ने बीजेपी विधायकों की सदस्यता रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की वर्तमान विधानसभा के 116 विधायकों की सदस्यता लाभ के पद पर होने की वजह से रद्द की जाए।

मध्य प्रदेश आम आदमी पार्टी के संयोजक आलोक अग्रवाल ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी ने 4 जुलाई 2016 को ही लाभ के पद पर आसीन मौजूदा 116 विधायकों की सदस्यता रद्द करने की शिकायत सबूतों के साथ की थी।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने दिल्ली में बहुत जल्दी कार्रवार्इ की। अब मध्य प्रदेश में भी इसी तेजी से कार्रवाई करनी चाहिए लेकिन लगता है कि यहां वो तेजी दिखाई नहीं देगी, क्योंकि अगर सही कार्रवाई की गई तो मध्य प्रदेश की सरकार ही नहीं बचेगी।

TeamDigital