बीजेपी में शामिल हुए पाटीदार नेता ने बीजेपी छोड़ी, राहुल गांधी से करेंगे मुलाकात

बीजेपी में शामिल हुए पाटीदार नेता ने बीजेपी छोड़ी, राहुल गांधी से करेंगे मुलाकात

अहमदाबाद। पाटीदार आंदोलन में शामिल रहे पाटीदार नेता निखिल सवानी ने भारतीय जनता पार्टी छोड़ दी है। निखिल ने मीडिया से कहा कि बीजेपी में शामिल होने के लिए पाटीदार नेताओं को एक करोड़ रुपये का ऑफर दिए जाने के खुलासे के बाद उन्हें दुःख हुआ है।

सवानी व पाटीदार समुदाय के 150 सदस्‍य सितंबर में भाजपा में शामिल हुए थे। वे पाटीदार अनामक आंदोलन समिति सूरत के संयोजक थे और हार्दिक पटेल के करीबी लोगों में से एक माने जाते थे।

इससे पहले कल पाटीदार नेता नरेंद्र पटेल ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा कि उसे वरुण पटेल के माध्यम से बीजेपी में शामिल होने के लिए एक करोड़ रूपये देने की पेशकश की गयी थी और उसे बतौर एडवांस दस लाख रुपये दिए गए थे।

पटेल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दस लाख रुपये भी मीडिया को दिखाए थे। गौरतलब है कि पाटीदार नेता वरुण पटेल शनिवार को ही बीजेपी में शामिल हुए हैं। उनके साथ पाटीदार नेता रेशमा पटेल ने भी बीजेपी ज्वाइन की थी।

बीजेपी छोड़ने वाले निखिल सवानी ने कहा कि उन्‍हें बीजेपी में शामिल होने के लिए रुपयों की पेशकश नहीं की गई थी। उन्‍होंने कहा, ‘अब मैंने इस्‍तीफा दे दिया है क्‍योंकि वे सिर्फ लॉलीपॉप दे रहे हैं, कोई वादा नहीं पूरा कर रहे।’

सवानी ने कहा कि मैं नरेंद्र पटेल को बधाई देता हूं। वह एक छोटे परिवार से आते हैं, फिर भी उन्‍होंने एक करोड़ रुपये लेना मंजूर नहीं किया। सवानी ने राहुल गांधी से मिलने का समय मांगा है। उन्‍होंने कहा, ‘राहुल गांधी से अप्‍वॉइंटमेंट लूंगा। उनसे मिलकर अपना न‍जरिया सामने रखूंगा।’

 

TeamDigital