बीजेपी को बड़ा झटका, कांग्रेस में शामिल हुआ जसवंत सिंह का परिवार

बीजेपी को बड़ा झटका, कांग्रेस में शामिल हुआ जसवंत सिंह का परिवार

नई दिल्ली। राजस्थान में एन चुनावो के समय भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य और पूर्व विदेश मंत्री जसवंत सिंह का पूरा परिवार आज कांग्रेस में शामिल हो गया।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास पर बुधवार को जसवंत सिंह की पत्नी शीतल कंवर, जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह उनकी पत्नी चित्रा सिंह, जसवंत सिंह के दूसरे बेटे भूपेंद्र सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की और बीजेपी से कई दशकों का अपना रिश्ता समाप्त करने की घोषणा की।

राजस्थान में बाड़मेर और आसपास के इलाको में जसवंत सिंह के परिवार का ख़ासा प्रभाव है। ऐसे में बीजेपी को बड़ा झटका लगना तय माना जा रहा है। वहीँ राजस्थान में बीजेपी का परम्परागत वोट बैंक रहे राजपूत समुदाय के मतदाताओं में भी बड़ी सेंध लगेगी।

पिछले महीने हुई बाड़मेर के पचपदरा की स्वाभिमान रैली में मानवेंद्र सिंह ने ‘एक ही भूल कमल का फूल’ कहकर बीजेपी छोड़ दी थी। उसके बाद से अटकलें लगाई जा रही थी कि मानवेंद्र सिंह कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं, लेकिन अब मानवेंद्र ने साफ कर दिया है कि वो कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।

गौरतलब है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने जसवंत सिंह को टिकट नहीं दिया था। इससे उनको निर्दलीय ही चुनाव लड़ना पड़ा था। उस चुनाव में जसवंत सिंह हार गए थे। इसी के बाद से जसवंत सिंह का परिवार बीजेपी से नाराज चल रहा था।

TeamDigital