बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष की बहू ने किया कांग्रेस में शामिल होने का एलान

लखनऊ। लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी को एक बड़ा झटका लगा है। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय की बहू अमृता पांडेय ने कांग्रेस महसचिव प्रियंका गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल होने का एलान किया है।
बुधवार को अमृता पांडेय ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है और वे मंगलवार को प्रियंका गांधी से मिर्जापुर के चुनार में मुलाकात करेंगी।
अमृता पांडेय ने कहा कि गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी से पुराना जुड़ाव रहा है. ऐसे में अब प्रियंका गांधी जब राजनीतिक में आ गई हैं तो हमने भी कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि आने वाला दौर नरेंद्र मोदी का नहीं बल्कि कांग्रेस का है। नरेंद्र मोदी अगला चुनाव लड़ेंगे भी कि नहीं ये तय नहीं है। उन्होंने कहा कि आगे का राजनीतिक भविष्य कांग्रेस का है इसीलिए हमने कांग्रेस के साथ जाने का कदम उठाया है। बता दें कि अमृता पांडेय उत्तर प्रदेश के बीजेपी अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय के भाई जितेंद्रनाथ पांडेय के बेटे वरुण की पत्नी हैं।
गौरतलब है कि प्रियंका गांधी तीन दिन की गंगा जमुनी तहज़ीब यात्रा पर निकली हुई हैं। उन्होंने मंगलवार को यह यात्रा प्रयागराज से शुरू की थी। यात्रा के अंतिम पड़ाव में प्रियंका गांधी वाराणसी पहुंचेंगी।
अपनी यात्रा के दौरान प्रियंका गांधी गंगा के तटीय इलाको में लोगों से संवाद करेंगी। इस दौरान में प्रयागराज से लेकर भदोई, मिर्ज़ापुर, फूलपुर, चुनार और चोपन के इलाको के लोगों से संपर्क करेंगी।