बिहार में सीटों के बंटवारे पर लालू की राय जानने रांची पहुंचे महागठबंधन के नेता
झारखंड ब्यूरो। बिहार में 2019 के लोकसभा चुनाव के लिए बन रहे विपक्ष के महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर राजद सुप्रीमो लालू यादव की राय जानने के लिए राजद नेता तेजस्वी यादव और लोकसमता पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा रांची पहुँच गए हैं।
हालाँकि पहले लोकतान्त्रिक जनतादल नेता शरद यादव भी रांची पहुँचने वाले थे लेकिन किसी कारणवश उनका कार्यक्रम रद्द हो गया।
बिहार में महागठबंधन बनने के लिए शनिवार का दिन अहम माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि राजद सुप्रीमो आज सीटों के बंटवारे के फॉर्मूले पर अपनी अंतिम मुहर लगा सकते हैं।
तेजस्वी यादव और उपेंद्र कुशवाहा शनिवार को रांची स्थित रिम्स अस्पताल में लालू यादव से मुलाकात करेंगे। राजद सूत्रों के मुताबिक सीटों की पहचान का काम भी लगभग पूरा हो गया है और अब इस पर लालू प्रसाद यादव की अंतिम मुहर लगनी बाकी है।
इससे पहले आज महागठबंधन में अनंत सिंह की एंट्री के सवाल पर राजद नेता तेजस्वी यादव ने दो टूक कहा ‘बैड एलिमेंट’ के लिए महागठबंधन में कोई जगह नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि किसी के कुछ बोलने से कुछ फर्क नहीं पड़ता है।
गौरतलब है कि अभी हाल ही में बीजेपी के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा, कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय और जेएमएम नेता हेमंत सोरेन ने भी रांची पहुंचकर लालू यादव से मुलाकात की थी। लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला में सजायाफ्ता हैं और तबीयत खराब रहने की वजह से उनका रांची के रिम्स में इलाज चल रहा है।
