बिहार महागठबंधन के लिए हुआ सीटों का एलान
नई दिल्ली। बिहार में कांग्रेस, राजद तथा अन्य दलों के गठजोड़ से बने महागठबंधन के लिए आज सीटों का एलान हो गया है। महागठबंधन की सीटों का ऐलान करते हुए आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पुर्वे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि लोकसभा चुनाव में बिहार की लोकसभा सीटों का बंटवारा हो गया है। इसमें राजद 20, कांग्रेस 9 और रालोसपा 5 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे।
रामचंद्र पुर्वे ने बताया कि जीतनराम मांझी की ‘हम’ पार्टी को 3 सीटें दी गई हैं। आरजेडी की विभा देवी को नवादा से, हम पार्टी के प्रमुख जीतन राम मांझी को गया से, भूदेव चौधरी को जमुई से (लोकसमता पार्टी) चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा शरद यादव आरजेडी के चुनाव चिन्ह से चुनाव लड़ेंगे।
वहीँ कांग्रेस को 9 लोकसभा सीटों के अलावा राज्य सभा की एक सीट भी दी जायेगी। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस ने बिहार की 11 लोकसभा सीटों पर दावा किया था लेकिन अंत में 9 लोकसभा सीटों और राज्य सभा की एक सीट पर सहमति बन गयी है।
गौरतलब है कि 40 लोकसभा सीटों वाले बिहार में बने विपक्ष के महागठबंधन में कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, हिंदुस्तान आवाम मोर्चा, राष्ट्रीय लोकसमता पार्टी, विकासशील इंसान पार्टी और लोकतान्त्रिक जनता दल शामिल हैं।
सीटों के ऐलान से पहले पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर महागठबंधन नेताओं की बैठक हुई। इसमें तेजस्वी यादव, उपेंद्र कुशवाहा, मुकेश साहनी, जीतनराम मांझी, उदय नारायण चौधरी, शरद यादव और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा शामिल हुए।
पहले चरण में राज्य की जिन चार सीटों पर मतदान होना है, उनके लिए भी महागठबंधन की तरफ से उम्मीदवारों का भी ऐलान कर दिया गया है। गया से मांझी खुद और औरंगाबाद से उनकी पार्टी के उपेंद्र प्रसाद महागठबंधन की तरफ से मैदान में होंगे।
नवादा से राजद की विभा देवी और जुमई से रालोसपा के भूदेव चौधरी मैदान में होंगे। वहीं, विधानसभा उपचुनावों के लिए नवादा से हम के धीरेंद्र कुमार सिंह उर्फ मुन्ना और डेहरी से राजद के मोहम्मद फिरोज उम्मीदवार होंगे।
.
