बिहार: पूर्व सांसद लवली आनंद कांग्रेस में शामिल

पटना। पूर्व सांसद और जेडीयू के बाहुबली नेता आनंद मोहन सिंह की पत्नी लवली आनंद ने शुक्रवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया। बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल ने लवली आनंद को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कराई।
लवली आनंद जदयू के बाहुबली नेता आनंद मोहन सिंह की पत्नी है। वे पूर्व में विधायक तथा सांसद रह चुकी हैं। वे 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में ही थीं लेकिन पार्टी द्वारा टिकिट न दिए जाने से नाराज़ होकर वे समाजवादी पार्टी में शामिल हो गयीं और सपा के टिकिट पर लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा और वे चौथे स्थान पर रही थीं।
इससे पहले लवली आनंद ने 1994 के उपचुनाव में वैशाली संसदीय सीट से चुनाव लड़ा था और इस चुनाव में उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिंह की पत्नी किशोरी सिन्हा को पराजित किया था।
लवली आनंद ने अपना राजनैतिक कैरियर अपने पति आनंद मोहन सिंह की राजनैतिक पार्टी बिहार पीपुल्स पार्टी से शुरू किया था लेकिन इसके बाद कई दलों में होते हुए वे कांग्रेस में पहुंची।
लवली आनंद के पति आनंद मोहन सिंह हत्या के एक मामले में उम्र कैद की सजा होने के बाद से जेल में सजा काट रहे हैं। आनंद मोहन सिंह की बिहार के कुछ इलाको में आज भी तूती बोलती है।
माना जा रहा है कि लवली आनंद को कांग्रेस बिहार के शिवहर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बना सकती है। शिवहर लोकसभा सीट कांग्रेस की पारम्परिक सीट रही है। इस सीट पर 1957 से लेकर 1984 तक सिर्फ 1977 के अलावा सभी चुनावो में लगातार कांग्रेस उम्मीदवार जीतते रहे हैं। 1984 के बाद से यह सीट कांग्रेस के कमज़ोर संगठन की भेंट चढ़ गयी और यह कांग्रेस के हाथ से जाती रही।