बिहार कांग्रेस में परिवर्तन: मदन मोहन झा बने कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनावो की तैयारी में जुटी कांग्रेस ने बिहार में बड़ा बदलाव करते हुए विधान परिषद के सदस्य डॉक्टर मदन मोहन झा को प्रदेश की कमान सौंप दी है। इससे पहले कौकब कादरी के पास राज्य के कार्यकारी अध्यक्ष का पद था।
माना जा रहा है कि कांग्रेस ने बिहार में ब्राह्मणों को पार्टी से फिर से जोड़ने की कवायद के तहत मदन मोहन झा को पार्टी का अध्यक्ष बनाया है। मदन मोहन झा साफ़ सुथरी छवि वाले नेता हैं और ब्राह्मण समुदाय से आते हैं।
पार्टी के संगठन महासचिव अशोक गहलोत ने इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह को प्रदेश चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
गहलोत की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने झा और सिंह की नियुक्ति की है। इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चार कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए हैं।
अशोक कुमार, कौकब कादरी, समीर कुमार सिंह और श्याम सुंदर (धीरज) को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की 23 सदस्यीय कार्य समिति और 19 सदस्यीय सलाहकार समिति का भी गठन किया गया है।
कौन हैं मदन मोहन झा :
– मदन मोहन झा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य हैं
– इससे पहले वे महागठबंधन की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं
– वे भूमि सुधार मंत्री के तौर पर महागठबंधन में कार्य कर चुके हैं
– मदन मोहन झा कांग्रेस के पुराने दिग्गज नेता माने जाते हैं
– वे दरभंगा के मनीगाछी के बधात गांव के रहनेवाले हैं
