बहुमत को मनमानी का लाइसेंस समझ रही मोदी सरकार: सोनिया

बहुमत को मनमानी का लाइसेंस समझ रही मोदी सरकार: सोनिया

नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में जन आक्रोश रैली को सम्बोधित करते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला।

सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी सरकार बहुमत को मनमानी करने का लाइसेंस समझ कर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अहसमति को हर स्तर पर कुचलने का अधिकार समझती है।

सोनिया गांधी ने कहा कि मजबूत संवैधानिक संस्थाओं की जरूरत है जिन्हें बड़ी मेहनत से 60-70 साल में तैयार किया गया था, लेकिन मोदी सरकार ने उन्हें कमजोर किया है।

उन्होंने कहा, ‘मोदी जी के वादे- न खाऊंगा, न खाने दूंगा का क्या हुआ. तेल के दामों में हो रही बढ़ोतरी से आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मीडिया को बोलने की आजादी नहीं है और उसे दबाया जा रहा है।’

मोदी सरकार में महिला सुरक्षा पर चिंता जताते हुए सोनिया ने कहा, ‘इस समय देश में बेटियां सुरक्षित नहीं, उनके अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। क्या ऐसे ही देश के लिए हमारे नेताओं ने अपना सबकुछ त्याग दिया था।’

सोनिया गांधी ने कहा किइस देश की न्याय व्यवस्था जिस दौर से गुजर रही है, ऐसा कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा, ‘जो हो रहा है, यह देश के लिए नाजुक दौर है। अपने करीबी संगठन के लोगों को पदों पर बैठाया जा रहा है, सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है।’

सोनिया गांधी ने ये भी कहा कि अर्थव्यवस्था को मोदी सरकार की नीतियों ने पूरी तरह से चौपट कर दिया है। आज हम सब राहुल जी के नेतृत्व में संकल्प लें कि जो कानून के बजाय मनमर्जी थोपना चाहते हैं और देश की गंगाजमुनी तहजीब को नष्ट करना चाहते हैं, उनका हम पूरी ताकत से मुकाबला करेंगे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital