फेसबुक पर भारत विरोधी पोस्ट लाइक करने पर कश्मीरी शख्स गिरफ्तार
नई दिल्ली । देशद्रोह के आरोप में छत्तीसगढ़ पुलिस ने एक कश्मीरी शख्स को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति की गलती यह है कि इसने फेसबुक पर एक भारत विरोधी पोस्ट को लाइक किया फिर उसे शेयर किया है। इसकी गिरफ्तारी मध्य प्रदेश के सागर रेलवे स्टेशन से हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस व्यक्ति का नाम तौफीक अहमद है। तौफीक ने छत्तिसगढ़ के भिलाई से पढ़ाई की है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। भिलाई जिला प्रमुख रतन यादव की शिकायत पर इस व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
शिकायत में कहा गया कि कश्मीर के रहने वाले तौफीक अहमद ने फेसबुक पर भारत के खिलाफ लिखे गए पोस्ट (इंडिया गो बैक जैसे पोस्ट) को लाइक और शेयर किया है। पुलिस को जानकारी मिलते ही छानबीन शुरू हो गई।
इधर, तौफीक दुर्ग से जम्मू जाने वाली ट्रेन पकड़ने के लिए निकला था, तभी मध्य प्रदेश पुलिस की मदद से छत्तिसगढ़ पुलिस ने उसे पकड़ लिया।