प्रियंका को पार्टी अध्यक्ष बनाने की उठ रही मांग, थरूर के बाद कैप्टेन ने कही ये बात

प्रियंका को पार्टी अध्यक्ष बनाने की उठ रही मांग, थरूर के बाद कैप्टेन ने कही ये बात

नई दिल्ली। कांग्रेस में राहुल गांधी द्वारा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिए जाने के बाद नेतृत्व की समस्या से जूझ रही कांग्रेस पार्टी में अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाये जाने के लिए आवाज़ उतनी शुरू हो गयी है।

अभी हाल ही में पीटीआई को दिए इंटरव्यू में कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की तारीफ़ करते हुए कहा था कि उनके अंदर पार्टी को नेतृत्व देने की अपार क्षमताएं हैं। हालाँकि उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रियंका गांधी को तय करना है कि पार्टी अध्यक्ष पद के लिए वे उम्मीदवार बनती हैं अथवा नहीं।

थरूर के बाद अब पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने पार्टी के लिए युवा नेतृत्व की ज़रूरत बताया है। अमरिंदर सिंह ने कहा कि अगर प्रियंका गांधी कांग्रेस की प्रधान चुनी जाती हैं तो उन्हें सबका समूचा समर्थन प्राप्त होगा।

सोमवार को पत्रकारों से बात करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह ने कहा कि भारत नौजवानों का देश है और नौजवान नेता ही नेतृत्व के अनुकूल हैं।

प्रियंका गांधी पार्टी प्रमुख के लिए पूरी तरह उचित हैं, क्योंकि हाल के लोकसभा चुनाव में हुई हार के बाद पार्टी को फिर संगठित करने के लिए एक नौजवान गतिशील नेता की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी बुद्धिमान हैं और देश की जरूरतों को समझने और तुरंत उन्हें प्रकट करने में समर्थ हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी में किसी भी चुनौती का सामना करने और जीत के लिए संघर्ष करने का हौसला है।

गौरतलब है कि कैप्टेन अमरिंदर सिंह इससे पहले भी पार्टी के लिए युवा नेतृत्व की आवश्यकता की बात कह चुके हैं। उन्होंने कहा था कि पार्टी की बागडोर किसी नौजवान नेता को देने की वकालत की थी। कैप्टेन का कहना था कि इस समय भारत की अधिकतर जनसंख्या युवा है और एक नौजवान नेता ही लोगों के साथ संपर्क पैदा कर सकता है और उनकी इच्छाओं की पूर्ति कर सकता है।

वहीँ दूसरी तरफ 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 75 वीं जयंती को बड़े स्तर पर मनाये जाने के लिए कांग्रेस के अंदर तैयारियां शुरू हो गयीं हैं। 31 जुलाई को दिल्ली में पार्टी के महासचिवों और राज्यों के प्रभारियों की बैठक बुलाई गयी है। इस बैठक में जिला स्तर पर राजीव गांधी की 75वीं जयंती मनाये जाने के लिए संगठन के नेता तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।a

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital