प्रियंका के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी: हर राज्य की राजधानी में होगी एफआईआर

प्रियंका के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी: हर राज्य की राजधानी में होगी एफआईआर

नई दिल्ली। प्रियंका गांधी के सक्रीय राजनीति में आने के बाद सोशल मीडिया पर और सार्वजनिक तौर पर अभद्र टिप्पणियां किये जाने को महिला कांग्रेस ने विशेष गंभीरता से लिया है। इसे लेकर महिला कांग्रेस ने रोष जताया है और हर राज्य की राजधानी में सोमवार को एफआईआई दर्ज कराने की घोषणा की है।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और सांसद सुष्मिता देव ने कहा कि महिलाओं पर राजनीतिक ही नहीं, व्यक्तिगत टिप्पणियां भी की जा रही हैं, जिसका शिकार खुद सोनिया गांधी की बेटी और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी हो रही हैं।’

उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस सोमवार को दिल्ली समेत सभी राज्यों में उन नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाएगी, जिन्होंने प्रियंका गांधी के खिलाफ आपत्तिजनक बयानबाजी की है। सुष्मिता ने कहा, ‘ये लड़ाई सिर्फ प्रियंका के लिए नहीं बल्कि सभी महिलाओं के लिये है जो राजनीति में अपना भविष्य देखती हैं।’

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी के मुख्यधारा की राजनीति में उतरने के बाद उन पर भाजपा मुखर हो गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से लेकर कई छोटे बड़े नेताओं ने उन पर निशाना साधा। भाजपा के कुछ नेताओं ने तो अपशब्दों की भी बौछार कर दी। इतना ही नहीं सोशल मीडिया पर भी प्रियंका गांधी को लेकर अभद्र टिप्पणियों वाले पोस्ट शेयर किये जा रहे हैं।

TeamDigital