प्रियंका का बड़ा सवाल: अर्थव्यवस्था को नष्ट करने का जिम्मेदार कौन ?

प्रियंका का बड़ा सवाल: अर्थव्यवस्था को नष्ट करने का जिम्मेदार कौन ?

नई दिल्ली। देश की आर्थिक विकास दर (जीडीपी) पिछले सात सालो के निचले स्तर पर पहुँचने को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि भोंपू बजाने वाली भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था की हालत पंचर कर दी। साथ ही प्रियंका ने सवाल किया कि अर्थव्यवस्था को नष्ट करने का ज़िम्मेदार कौन है ?

उन्होंने ट्विटर पर ट्वीट कर कहा कि ‘जीडीपी विकास दर से साफ है कि अच्छे दिन का भोंपू बजाने वाली भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था की हालत पंचर कर दी है. न जीडीपी ग्रोथ है, न रुपए की मजबूती, रोजगार गायब हैं।’ उन्होंने पूछा, ‘अब तो साफ करो कि अर्थव्यवस्था को नष्ट कर देने की ये किसकी करतूत है?’

गौरतलब है कि सांख्यिकीय एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय (एनएसओ) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों से खुळासा हुआ है कि देश की आर्थिक विकास दर पिछले 6 साल के सबसे निचले स्तर पर पहुँच गयी है। पहली तिमाही में देश की आर्थिक विकास दर घटकर 5.0 रही गयी है। जबकि पिछले साल विकास दर आठ फीसदी थी।

आंकड़ों के अनुसार चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही स्थिर मूल्य (आधार वर्ष 2011-12) पर सकल घरेलू उत्पादन (जीडीपी) 35.85 लाख करोड़ रुपये रहा। जबकि पिछले वित्त वर्ष 2018-19 की पहली तिमाही में यह आंकड़ा 34.14 लाख करोड़ रुपये पर था।

राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय (एनएसओ) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार कृषि क्षेत्र में ग्रोथ 5.1 फीसदी से घटकर के दो फीसदी रह गई है। वहीँ खनन क्षेत्र में ग्रोथ 0.4 फीसदी की ग्रोथ देखने को मिली थी, जो अब बढ़कर के 2.7 फीसदी हो गई है।

आंकड़ों के मुताबिक कंस्ट्रक्शन सेक्टर में पिछले साल की पहली तिमाही में ग्रोथ 9.6 फीसदी थी जो अब घटकर के 5.7 फीसदी रह गई है। इतना ही नहीं होटल, ट्रांस्पोर्ट और ट्रेड सेक्टर में ग्रोथ 7.8 फीसदी से घटकर के 7.1 फीसदी रह गई है।वहीँ वित्तीय, रियल एस्टेट सेक्टर में ग्रोथ 6.5 फीसदी से घटकर के 5.9 फीसदी रह गई है।

TeamDigital