प्रियंका का धरना खत्म, पीड़ित परिवार को दस लाख का मुआवजा देगी कांग्रेस

प्रियंका का धरना खत्म, पीड़ित परिवार को दस लाख का मुआवजा देगी कांग्रेस

लखनऊ। नरसंहार में मारे गए लोगों के परिजनों से मिलने सोनभद्र जाने से रोकने पर चुनार में धरने पर बैठीं कांग्रेस महसचिव प्रियंका गांधी ने अपना धरना खत्म कर दिया है। पीड़ित परिवार से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने अपना धरना ये कहते हुए खत्म कर दिया कि उनका उद्देश्य अब पूरा हो गया है।

पीड़ित परिवार से मिलने के बाद प्रियंका गांधी ने एलान किया कि सोनभद्र नरसंहार की घटना में मारे गए व्यक्ति के परिजनों को कांग्रेस पार्टी 10 लाख रुपये का मुआवजा देगी।

शनिवार को सोनभद्र के उभा गांव से 18 पीड़ित परिवार प्रियंका गांधी वाड्रा से मिलने चुनार के गेस्ट हाउस तक पहुंचे। इस दौरान कांग्रेस महासचिव ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन लोगों को मिलने से रोक रहा है। वहीं, प्रशासन की तरफ से कहा गया कि पीड़ित परिवार को उनकी तरफ से ही लाया गया।

इससे पहले सोनभद्र फायरिंग में दस लोगों की हत्या के बाद उनके परिजनों से मिलने पर अड़ी कांग्रेस महासचिव प्रियंका शुक्रवार से ही चुनार गेस्ट हाउस में धरने पर बैठी रहीं। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठीं प्रियंका ने कहा कि अब तक 24 घंटे हो चुके हैं। मैं यहां से तब तक नहीं हटूंगी जब तक हमें सोनभद्र फायरिंग केस के पीड़ितों को मिलने की इजाजत नहीं दी जाती है।

18 पीड़ित परिवार के लोगों की प्रियंका गांधी से मुलाकात पर कांग्रेस का कहना है कि जब परिवार वालों ने सुना कि प्रियंका गांधी को हिरासत में ले लिया गया है, तो वे शुक्रवार शाम 4 बजे ही उनसे मुलाकात करने के लिए निकल पड़े और इस दौरान पीड़ित परिवार ने रातभर चलने के बाद 70 किलो मीटर की दूरी तय कर शनिवार को प्रियंका से मुलाकात की। प्रियंका से मुलाकात कर परिवार काफी देर तक रोते रहे।

TeamDigital