पीएम मोदी के बयान पर ओवैसी बोले “शाहबानो याद है अख़लाक़, तबरेज, पहलू खान याद नहीं”

पीएम मोदी के बयान पर ओवैसी बोले “शाहबानो याद है अख़लाक़, तबरेज, पहलू खान याद नहीं”

नई दिल्ली। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा शाहबानो केस का ज़िक्र करने पर आल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा है।

ओवैसी ने कहा कि पीएम मोदी को शाहबानो याद है लेकिन तबरेज अंसारी, अख्लाक, पहलू खान याद नहीं। ओवैसी ने सवाल किया कि क्या उन्हें याद नहीं था कि उनके मंत्री ने अलीमुद्दीन अंसारी के हत्यारों को माला पहनाई थी? अगर कोई ‘गटर ’टिप्पणी कर रहा है, तो आप मुसलमानों को आरक्षण क्यों नहीं देते?

ओवैसी यहीं नहीं रुके उन्होंने पीएम मोदी का नाम लेकर कहा कि आपकी पार्टी में कोई मुस्लिम सांसद नहीं है। कौन उन्हें पीछे रख रहा है? आप। आपके शब्दों और विचारधारा के बीच एक अंतर है। नरसिम्हा राव बाबरी मस्जिद विध्वंस के लिए जिम्मेदार थे, पीएम होने के बावजूद उन्होंने कुछ नहीं किया। अब पीएम मोदी हैं जो अपनी विचारधारा पर काम करना चाहते हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के अभिभाषण पर हुई चर्चा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री आरिफ मोहम्मद खान के एक इंटरव्यू का जिक्र करते हुए कहा था कि शाहबानो केस के समय कांग्रेस के एक नेता ने इंटरव्यू के दौरान कहा था कि मुसलमानों के उत्थान की जिम्मेदारी कांग्रेस की नहीं है। मुसलमान अगर ‘गटर’ में रहना चाहते हैं, तो उन्हें गटर में ही रहने दो।

पीएम मोदी ने 1980 के दशक के शाहबानो प्रकरण पर चर्चा करते हुए कहा कि उस समय भी देश की सबसे बड़ी अदालत ने तलाकशुदा शाहबानो के पक्ष में फैसला दिया था। लेकिन, कांग्रेस की तुष्टीकरण नीति ने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को इस्लाम में दखल मानकर केंद्र ने सुप्रीमकोर्ट का फैसला लागू नहीं होने दिया और नया कानून बनाया। इससे शाहबानो को इंसाफ नहीं मिल सका था। पीएम मोदी ने तीन तलाक बिल पर कांग्रेस से समर्थन की उम्मीद करते हुए कहा था कि कांग्रेस के पास अपनी गलती सुधारने का मौका है।

TeamDigital