पीएम मोदी की टिप्पणी पर आज भी संसद में हंगामा जारी

पीएम मोदी की टिप्पणी पर आज भी संसद में हंगामा जारी

नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गुजरात चुनाव में पाकिस्तान की संलिप्तता को लेकर दिए गए बयान में पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह का नाम उछालने के मुद्दे पर संसद में आज भी गतिरोध बना हुआ है।

लोकसभा और राज्यसभा में आज भी कांग्रेसी सांसदों के हंगामे की वजह से दोनों सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई। हंगामे के दौरान सदन में पीएम नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे।

कांग्रेस इस मामले में पीएम मोदी से माफ़ी मांगने या सबूत देने की मांग पर अड़ी है। इससे पहले आज सुबह संसद की कार्रवाही शुरू होते ही कांग्रेस सदस्यों ने इस मुद्दे को फिर से उठाते हुए पीएम मोदी से इस मामले में डा मनमोहन सिंह से माफ़ी मांगने की मांग को दोहराया।

कल वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ मंगलवार दोपहर कांग्रेस और अन्य विपक्षी नेताओं की बैठक में तय हुआ था कि सरकार की तरफ से अरुण जेटली और विपक्ष की तरफ से गुलाम नबी आजाद राज्यसभा में एक बयान दे सकते हैं लेकिन हंगामा आज भी जारी रहा।

राज्य सभा में विपक्ष के हंगामे पर उपसभापति एम. वेंकैया नायडू ने विपक्ष और सरकार से इस मामले का मिल-बैठकर हल निकालने की अपील की है लेकिन अभी तक सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच कोई समाधान नहीं निकल पाया है।

क्या कहा था पीएम मोदी ने :

दरअसल गुजरात में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस नेताओं पर पाकिस्तान के साथ मिलकर गुजरात में अहमद पटेल को सीएम बनाने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था, ”कल टीवी पर, अखबार में एक जबरदस्त चर्चा थी और चर्चा इस बात की थी कि मणिशंकर के घर पर पाकिस्तान के उच्चायुक्त, पाकिस्तान के एक पूर्व विदेश मंत्री, भारत के भूतपूर्व उपराष्ट्रपति और भारत के भूतपूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मणिशंकर के घर पर मीटिंग हुई। ये मीटिंग तीन घंटे तक चली और दूसरे दिन मणिशंकर ने मोदी को नीच कहा. ये एक गंभीर मामला है कि पाकिस्तान के लोगों के साथ गुप्त मीटिंग करने का कारण क्या है ?”

TeamDigital