पराजय की ज़िम्मेदारी लेते हुए राहुल बोले “हमारी भाषा प्यार है, प्यार कभी नहीं हारता”

पराजय की ज़िम्मेदारी लेते हुए राहुल बोले “हमारी भाषा प्यार है, प्यार कभी नहीं हारता”

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में कड़ी पराजय की तरफ बढ़ रही कांग्रेस में अभी चुनाव परिणामो को लेकर ख़ामोशी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीडिया के समक्ष आकर जनता का फैसला स्वीकार करते हुए कहा कि देश की जनता मालिक है।

अमेठी में अपनी पराजय स्वीकार करते हुए राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ‘मैंने प्रचार में कहा था कि जनता मालिक है। जनता ने आज अपना जनादेश दिया है। मैं नरेंद्र मोदी और भाजपा को बधाई देना चाहता हूं। कांग्रेस उम्मीदवार और कार्यकर्ता जिन्होंने चुनाव लड़ा उनका धन्यवाद करना चाहता हूं। इस चुनाव में नरेंद्र मोदी और भाजपा जीती है. मैं उन्हें बधाई देता हूं।’

उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा, ‘अमेठी से स्मृति ईरानी ने जीत हासिल की है। मैं चाहता हूं कि स्मृति ईरानी प्यार से अमेठी की जनता का ख्याल रखे।’ साथ ही उन्होंने कहा, हार की ज़िम्मेदारी लेता हूं। मीडिया को धन्यवाद। हमारी भाषा प्यार है और प्यार कभी हारता नहीं। 100 फीसदी हार की जिम्मेदारी लेता हूं। यह विचारधारा की लड़ाई थी। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को कहना चाहते हैं कि हम लड़ेंगे और विचारधारा को जिताएंगे।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के लिए गुरूवार को हुई मतगणना के रुझानों में एनडीए बहुमत से कहीं आगे 300 सीटों का आंकड़ा पार कर चूका है। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को पराजय का सामना करना पड़ा है।

कांग्रेस के ख़राब परफॉर्मेंस के चलते स्वयं कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट से पिछड़ रहे हैं। बिहार की पटना साहेब सीट पर शत्रुघ्न सिन्हा, मध्य प्रदेश की गुना संसदीय सीट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया और भोपाल संसदीय सीट पर दिग्विजय सिंह को पराजय का सामना करना पड़ा है।

ताज़ा रुझानों में एनडीए 129 सीटें जीत चूका है जबकि 219 सीटों पर एनडीए घटक दलों के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। वहीँ यूपीए 37 सीटें जीत चूका है और 52 सीटों पर यूपीए घटकदलो के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। 08 सीटों पर अन्य के उम्मीदवार जीत चुके हैं जबकि 44 सीटों पर आगे चल रहे हैं।

TeamDigital