पद संभालने के बाद एक्शन में प्रिंयंका, पहले ही दिन दिए यूपी में उथलपुथल के संकेत
नई दिल्ली। कांग्रेस की नव नयुक्त महासचिव प्रियंका गांधी ने आज अपना पदभार ग्रहण कर लिया। इस अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में उत्सव जैसा नज़ारा था। इस अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
प्रियंका गांधी ने आधिकारिक तौर पर कांग्रेस पदाधिकारी की ज़िम्मेदारी संभालने के बाद अपने पहले राजनैतिक बयान में उत्तर प्रदेश और राहुल गांधी को शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, वे उससे खुश हैं।
प्रियंका गांधी ने आज पदभार सँभालने के साथ ही उत्तर प्रदेश के बीएसपी के एक पुराने कद्दावर नेता से मुलाकात कर आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में बड़े उथल पुथल के संकेत दे दिए हैं। प्रियंका गांधी अपने कार्यालय में बसपा के कद्दावर नेता रहे अतहर खान और विधानसभा चुनाव लड़ चुके उनके बेटे से मिलीं।
अतहर खान पिछले महीने कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं। अतहर खान ने लोकभारत से कहा कि प्रियंका गांधी की हमसे मुलाकात इस बात के संकेत देती हैं कि वे ज़मीनी कार्यकर्ताओं की सुनेगी। बता दें कि कभी अतहर खान बसपा सुप्रीमो मायावती के बेहत करीबी नेताओं में से एक थे। उन्होंने 32 साल बीएसपी में रहने के बाद 12 मई 2017 को पार्टी बीएसपी छोड़ दी थी।
बसपा में रहते हुए अतहर खान एमएलसी और दर्जा प्राप्त मंत्री भी रहे। इसके अलावा वे बतौर प्रभारी कई राज्यों का कामकाज देख चुके हैं। अब अतहर खान कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में सपा बसपा गठबंधन में कांग्रेस को न शामिल किये जाने के बाद कांग्रेस ने बड़ा दांव खेलते हुए प्रियंका गांधी को पार्टी का महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया है। वहीँ ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी पार्टी का महासचिव के साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी न्युक्त किया है।
प्रियंका गांधी के लिए उत्तर प्रदेश नया नहीं हैं। वे पहले भी अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्रो रायबरेली और अमेठी में अपना योगदान देती रही हैं लेकिन इस सब के बावजूद प्रियंका गांधी सक्रिय राजनीति से दूरी बनाई हुई थी।
अब प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में आने के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए बड़ी भूमिका अदा कर कर सकती हैं।