पंचायत चुनावों का बहिष्कार करेगी नेशनल कॉन्फ्रेंस, ये है वजह

पंचायत चुनावों का बहिष्कार करेगी नेशनल कॉन्फ्रेंस, ये है वजह

नई दिल्ली। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने एलान किया है कि वह जम्मू कश्मीर में होने जा रहे पंचायत और नगर निगम के चुनावो का बहिष्कार करेगी। पार्टी का कहना है कि पहले केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार आर्टिकल 35A पर अपना रुख स्पष्ट करे।

बुधवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस इन चुनावों (पंचायत) में हिस्सा नहीं लेगी, जब तक कि भारत सरकार और राज्य सरकार आर्टिकल 35A पर अपनी स्थिति साफ नहीं करते हैं और आर्टिकल 35A को बचाने के लिए कोर्ट के बाहर प्रभावी कदम नहीं उठाते हैं।

गौरतलब है कि आर्टिकल 35A को साल 1954 में राष्ट्रपति के आदेश के बाद संविधान में शामिल किया गया था, जो जम्मू-कश्मीर के नागरिकों को विशेषाधिकार प्रदान करता है और राज्य से बाहर शादी करने वाली महिलाओं को संपत्ति के अधिकार से वंचित करता है।

इस आर्टिकल के अनुसार, राज्य के बाहर शादी करने वाली महिला का पैतृक सपंत्ति पर अधिकार नहीं रहेगा और यही नियम उसके वारिस पर भी लागू होगा।

पिछले सप्ताह सुप्रीम कोर्ट ने आर्टिकल 35A की वैधता को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई स्थगित कर दी थी। केंद्र सरकार और राज्य सरकार ने कोर्ट के सामने पंचायत चुनावों का हवाला देते हुए सुनवाई को स्थगित करने की अपील की थी।

TeamDigital