नोटबंदी के 50 दिन बाद राष्ट्र को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री, नए ऐलान संभव !

नई दिल्ली । देश में लागू की गयी पांच सौ और हज़ार रुपये के नोट की नोटबंदी के पचास दिन पूरे होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर राष्ट्र को संबोधित कर सकते हैं । सम्भावना जताई जा रही है कि वे अपने संबोधन में कुछ बड़े एलान भी कर सकते हैं । सूत्रों ने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी नव वर्ष की शुरूआत से पहले देश को संबोधित कर सकते हैं। अभी, यह स्पष्ट नहीं है कि वह देश को शुक्रवार को संबोधित करेंगे या शनिवार को।

कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में नोटबंदी के बाद के रोडमैप के बारे में बता सकते हैं। वह नोटबंदी के बाद से एक बड़ी समस्या बने रहे नकदी के प्रवाह को सुगम बनाने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर भी खासतौर पर बोल सकते हैं।

ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि वह आठ नवंबर को हुई नोटबंदी की घोषणा के बाद अर्थव्यवस्था के सामने पेश आई समस्याओं से निपटने के कदमों पर भी बोल सकते हैं।

पिछले कुछ सप्ताह में अपनी जनसभाओं में पीएम मोदी सरकार के फैसले के बाद हुई परेशानी को सहन करने की अपील जनता से करते रहे हैं। वह कहते रहे हैं कि 50 दिन की अवधि पूरी हो जाने के बाद यह परेशानी धीरे—धीरे दूर होनी शुरू हो जाएगी। मोदी ने मंगलवार को मौजूदा आर्थिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए नीति आयोग में अर्थशात्रियों और विशेषज्ञों से मुलाकात की थी।

गौरतलब है कि 8 नवम्बर को भी नोटबंदी के एलान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम सन्देश दिया था । उसके बाद वे कई सभाओ में नोटबंदी को लेकर अपनी बात रखते रहे हैं । देश में नोटबंदी लागू होने के बाद जनता को हुई दिक्कतों पर भी पीएम कई बार सफाई दे चुके हैं । संसद का शीतकालीन सत्र नोटबंदी के हंगामे की भेंट चढ़ गया और पुरे सत्र के दौरान कुछ काम काज नही हो सका ।

TeamDigital