नीतीश सरकार के मंत्री बोले- ‘भारत माता की जय’ न बोलने वाले पत्रकार भी पाकिस्तान समर्थक

पटना। बिहार में भारतीय जनता पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनने के बाद नीतीश सरकार पर भी भगवा रंग चढ़ने लगा है। इसी क्रम में नीतीश सरकार में खदान एवं भूगर्भीय मामलों के मंत्री विनोद कुमार सिंह ने मंगलवार को भाजपा के एक समारोह में उनके साथ ‘भारत माता की जय’ का नारा न लगाने वाले मीडियाकर्मियों को ‘पाकिस्तान का समर्थक’ बता दिया।
समारोह में भाजपा की बिहार इकाई के अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि मस्जिदों से अजान और चर्च से घंटियों की आवाज के बजाय ‘भारत माता की जय’ की आवाज आनी चाहिए। हालाँकि नित्यानंद ने थोड़ी देर में ही अपने कहे से यूटर्न ले लिया और सफाई दी कि उन्होंने ऐसा नहीं कहा। राय ने बात बदलते हुए मीडिया से कहा, “मैंने कहा था कि मस्जिद और चर्च से भारत माता की जय और वंदे मातरम् की आवाज आनी चाहिए। मेरा मतलब यह नहीं था कि यह अजान और घंटी की जगह पर आनी चाहिए।”
वहीँ नीतीश सरकार में मंत्री विनोद कुमार सिंह ने राज्य की नई सरकार में शामिल भाजपा के 12 मंत्रियों के सम्मान में हुए संकल्प सम्मेलन के मंच से लोगों से कहा कि वे उनके साथ ‘भारत माता की जय’ का नारा लगाएं। इस कार्यक्रम में मौजूद मीडियाकर्मियों ने यह नारा नहीं लगाया तो सिंह ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि “आप पहले भारत माता की संतान हैं, पत्रकार बाद में हैं।
विनोद कुमार सिंह यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि यदि आप मेरे साथ जोर से भारत माता की जय का नारा नहीं लगाते तो क्या आप पाकिस्तान माता के समर्थक हैं?” कुछ पत्रकारो ने मंत्री की इस बात पर ऐतराज जताया तो वहीँ कुछ ख़ामोशी से देखते रहे।
#WATCH Bihar Min Vinod Singh questions those who didn’t raise hands on Bharat Mata Ki Jai, asks, “vo log Pakistan Mata ke to nahi hain?” pic.twitter.com/4IO8u9F1AW
— ANI (@ANI) August 8, 2017