नारंगी पासपोर्ट पर सरकार का यूटर्न, अब नहीं होगा इस रंग का पासपोर्ट जारी

नारंगी पासपोर्ट पर सरकार का यूटर्न, अब नहीं होगा इस रंग का पासपोर्ट जारी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने नारंगी पासपोर्ट जारी करने के अपने फैसले से यूटर्न लेते हुए एलान किया है कि अब नारंगी रंग का पासपोर्ट जारी नहीं किया जाएगा। पासपोर्ट के आखिरी पन्ने को नहीं छापने के फैसले को पलटते हुए सरकार ने तय किया है कि पहले वाली ही व्यवस्था कायम रहेगी।

विदेश मंत्रालय ने घोषणा की है कि पासपोर्ट का आखिरी पन्ना पहले की तरह छापा जाएगा और ईसीआर पासपोर्ट धारकों को नारंगी रंग वाला पासपोर्ट जैकेट नहीं जारी किया जाएगा।

गौरतलब है भारतीय पासपोर्ट के आखिरी पन्ने पर पिता या कानूनी अभिभावक, माता, पति या पत्नी और पते की जानकारी होती है। पासपोर्ट में लिखा पता मान्य प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाता है।

कुछ दिनों पहले ही विदेश मंत्रालय ने कहा था कि, ‘विदेश मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की तीन सदस्यीय समिति की रिपोर्ट को मंजूरी के बाद यह फैसला लिया गया। मंत्रालय की यह समिति पासपोर्ट में पिता के नाम को हटाए जाने के मांगों की जांच कर रही थी।’

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि, ‘पासपोर्ट के आखिरी पन्ने की छपाई नहीं होने की वजह से ईसीआर (जिनके लिए उत्प्रवासन जांच जरुरी है) वाले पासपोर्ट धारकों को नारंगी पासपोर्ट जैकेट के साथ पासपोर्ट जारी किया जाएगा और गैर-ईसीआर वाले लोगों को नीला पासपोर्ट ही जारी किया जाएगा।’

TeamDigital