दिल्ली में 48 डिग्री तो चूरू में 50 डिग्री पहुंचा तापमान, गर्मी से अभी नहीं मिलेगी राहत

दिल्ली में 48 डिग्री तो चूरू में 50 डिग्री पहुंचा तापमान, गर्मी से अभी नहीं मिलेगी राहत

नई दिल्ली। दिल्ली में आज अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। दिल्ली के पालम इलाके में दोपहर का तापमान 48 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले पालम इलाके में गर्मी ने यह आंकड़ा 9 जून 2014 को छुआ था। इस दिन दिल्ली का तापमान 47.8 डिग्री रहा था।

वहीँ राजस्थान के चूरू में तापमान 50 डिग्री तक पहुँच गया। भीषण गर्मी की मार से इलाके के जलाशय और तालाब सूखे पड़े हैं। सूबे में जलस्तर काफी नीचे पहुँच गया है। सोमवार को चुरू में दिन का अधिकतम तापमान 50.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, गंगानगर में अधिकतम तापमान 48.5 डिग्री, बीकानेर में 47.4 डिग्री, कोटा में 47.3 डिग्री और जयपुर में 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर, जैसलमेर और अजमेर में भी तापमान 45 डिग्री से ऊपर रहा।

मौसम विभाग की माने तो अभी फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है और अगले दो दिन तक तापमान की स्थति में बहुत फर्क आने वाला नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के अलावा उत्तर भारतीय राज्यों में राजस्थान में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकते हैं। मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी तापमान की स्थिति यही रह सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली के आसपास के इलाके में आसमान साफ रहेंगे और गर्म हवाओं का प्रभाव अभी बना रहेगा। लगातार दो दिनों तक गर्म हवाओं का प्रभाव दिल्ली, दक्षिण उत्त प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, और सौराष्ट्र में गर्मी का कहर जारी रहेगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital