दिल्ली में कांग्रेस-आप गठबंधन: आज शाम तक हो जायेगा एलान
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच परदे के पीछे से चल रही बातचीत पर आज फैसला आ सकता है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष शीला दीक्षित ने यह जानकारी दी है।
एएनआई न्यूज़ के मुताबिक शीला दीक्षित ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर कुछ ही घंटो में आज शाम या कल तक खुलासा हो जायेगा। उन्होंने कहा कि इस बारे में आधिकारिक घोषणा की जायेगी।
गौरतलब है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस में दो तरह की राय सामने आयी थीं। पार्टी के कुछ नेता दिल्ली में आम आदमी पार्टी से गठबंधन के पक्ष में थे वहीँ कुछ नेता इसके खिलाफ थे।
आम आदमी पार्टी से गठबंधन को लेकर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीसी चाको ने भी सहमति जताई थी। उन्होंने कहा था कि वे दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के पक्ष में हैं।
गठबंधन को लेकर पार्टी के अंदर उठे सवालो के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक भी की थी। इस बैठक में गठबंधन पर आखिरी फैसला लेने का अधिकार कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को दिया गया था।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल लगातार कांग्रेस से गठबंधन किये जाने की गुहार लगाते रहे हैं। उन्होंने कई मौको पर दिल्ली में बीजेपी के सफाये के लिए कांग्रेस से गठबंधन की इच्छा जताई है। अब देखना है कि कांग्रेस की तरफ से क्या निर्णय आता है।